हरिद्वार। स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने सीएल लेकर सामूहिक हड़ताल करते हुए जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। धरने प्रदर्शन के दौरान कई अस्पतालों के अधीक्षकों ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया और मांगों को पूरा कराने को आश्वासन दिया। मेला अस्पताल के अधीक्षक ने वार्ता नहीं की तो वहां पर तीन घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रखने को चेतावनी दी।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यालयों एवं अस्पतालों से सीएल लिया और जिला अस्पताल में बैठकर धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने कहा कि पिछले एक सप्ताह तक सांकेतिक प्रदर्शनों के बावजूद अधिकारियों ने उनकी मांगें नहीं मानी तो उन्हें सीएल लेकर हड़ताल करने को मजबूर होना पड़ा। हड़ताल के दौरान महिला एवं जिला अस्पताल के अधीक्षक, गुरुकुल एवं ऋषिकुल परिसर निदेशक, जिला होम्योपैथिक अधिकारी ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाकर उनकी मांगी को पूरा करने का आश्वासन दिया, लेकिन मेला अस्पताल के अधीक्षक ने उनसे कोई वार्ता नहीं की जिस पर अस्पताल में तीन घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया। जिला मंत्री मनोज चंद ने कहा कि यदि अधिकारियों ने उनकी मांगे पूरी नहीं की तो उग्र आंदोलन होगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दिनेश लखेड़ा, सुरेश चंद, सुखपाल सैनी, बिजेंद्रपाल, सेवाराम, अनिल कुमार, राकेश, कामेंद्र सिंह, नाथीराम, कमल कुमार, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र, दिनेश, प्रमोद, नरेंद्र बागड़ी, राजकुमार शर्मा, रामरतन, अजय, ममता देवी, परीक्षा देवी, अजय रानी, अनीता, सूरजवती आदि शामिल हुए।