हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने निर्मल पंचायती अखाड़ा कनखल की निर्मला छावनी स्थित कुंभ भूमि पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माणाधीन 70 फ्लैटों को सील कर दिया ।
हरिद्वार- रुड़की विकास प्राधिकरण ने एक साल पहले फ्लैटों को सील करने के आदेश किए थे। इस बीच जमकर राजनीति हुई और अवैध फ्लैट बनाने वाले को कांग्रेस छोड़कर भाजपा की शरण में जाना पड़ा। इसके बाद अखाड़ा के महंतों को हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी। हाईकोर्ट ने एचआरडीए को अपने सील के आदेश क्रियान्वित करने का आदेश दिया था। इसके बाद एचआरडीए सचिव बंशीधर तिवारी ने 23 फरवरी को सील करने का आदेश पारित किया। मंगलवार को सील की कार्रवाई का मौके पर विरोध के लिए प्रापर्टी डीलर, भाजपाई ओर व्यापार मंडल के नेता भी पहुंचे थे। तहसीलदार मजिस्ट्रेट सुनैना राणा और पुलिस फोर्स के मौके पर मौजूद रहने से विरोध नहीं कर सके। सील की कार्रवाई कराने वाले एचआरडीए के अधिशासी अभियंता सुनील पाराशर ने बताया कि आश्रम के नक्शे पर अवैध रूप से सात मंजिला फ्लैट का निर्माण किया गया था। इस दौरान एचआरडीए के सहायक अभियंता जीसी भट्ट, विजय माथुुर, राजेंद्र बहुगुणा, श्रीपाल राणा आदि मौजूद थे।
---------------
जिओ कंपनी का टावर भी किया सील
हरिद्वार। एचआरडीए ने मंगलवार को टिहरी विस्थापित कालोनी रानीपुर में जिओ कंपनी के मोबाइल टावर को भी सील किया है। कालोनीवासियों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। सचिव बंशीधर तिवारी ने बताया कि मोबाइल टावर को बिना किसी की अनुमति के ही लगाया गया है।