हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने एक बार फिर कांवड़ की तैयारियों से असंतुष्ट होकर अपनी सरकार पर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। कांवड़ पटरी पर रुकने के लिए स्टैंड, पीने का पानी, शौचालय आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कांवड़ियों के साथ ड्यूूटी करने वाले स्टाफ को परेशानी उठानी पड़ेगी। विधायक ने कहा कि अधिकारियों के सिर्फ बैठकें और निरीक्षण करने से व्यवस्था नहीं हो सकती।
विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि हरिद्वार में मेला क्षेत्र समेत कांवड़ पटरी पर कांवड़ियों के लिए सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने में अब बहुत समय बचा है और सुविधाएं नहीं जुटाई जा रही हैं। विधायक ने कहा कि अव्यवस्था किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन को यात्रा की तैयारियां बहुत पहले शुरू कर देनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़कों के गड्ढे अब भरे जा रहे हैं। सिर्फ बैठकें और निरीक्षण करने से व्यवस्था नहीं हो सकती। कांवड़ पटरी पर क्या तैयारियां की गई है, इसके लिए वह जल्द ही हरिद्वार से नारसन बार्डर तक निरीक्षण करेंगे।
सरकार पड़ी नरम, विधायक अब भी गरम
कांवड़ मेले को लेकर 14 वीं अंतरराज्यीय बैठक से ठीक पहले यतीश्वरानंद ने डीजी पर प्रतिबंध के विरोध सहित तैयारियों पर सवाल खड़ा किया था। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डीजे बजाने को समर्थन देने के बाद यतीश्वरानंद ने अपनी सरकार को घेरा। इसके बाद सरकार नरम पड़ी, लेकिन 16 जुलाई को हुई बैठक में डीजे पर छूट जैसी राहत नहीं मिली। डीजे पर प्रतिबंध शब्द की जगह नियंत्रण की बात कही गई। माना जा रहा है कि हरिद्वार ग्रामीण के विधायक सरकार के निर्णयों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।