ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
बंटी डांस एकेडमी की छात्रा वैष्णवी राजपूत ने धर्मनगरी का मान बढ़ाते हुए सोनी चैनल पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो सुपर डांसर में टॉप 30 में स्थान बनाया है। वैष्णवी हरिद्वार में श्री गणपति सेवा संघ ट्रस्ट के गणपति महोत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है। उसके शानदार प्रदर्शन से प्रभावित गणपति सेवा संघ के पदाधिकारियों ने वैष्णवी को सम्मानित किया।
उपनगरी ज्वालापुर के मोहल्ला मेहतान निवासी वैष्णवी के माता पिता रोबिन राजपूत व रूपाली राजपूत ने बताया कि उनकी बेटी सेंटमेरी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती है। वैष्णवी को डांस से बेहद प्यार है। वैष्णवी को अपनी दिखाने का सबसे पहला अवसर गणपति सेवा संघ के मंच पर मिला था। वैष्णवी जुलाई 2018 में हरियाणा के यमुनानगर में नार्थ इंडिया डांस चैंपियनशिप भी जीत चुकी हैं। इसके अलावा 2017 में अमर उजाला की ओर से आयोजित उत्तराखंड उदय सम्मान समारोह में भी वैष्णवी की प्रतिभा को खूब सराहा गया था। अब सोनी चैनल के रियलिटी शो सुपर डांसर में टॉप 30 में स्थान बनाकर उनका मान बढ़ाया है। गणपति सेवा संघ के मीडिया प्रभारी विजय भंडारी ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। वैष्णवी राजपूत ने टॉप 30 में स्थान बनाकर हरिद्वार का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर अशोक पाराशर, पंकज अरोड़ा, गुरजीत ग्रेवाल, संदीप अग्रवाल आदि भी मौजूद रहे।