अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।अखिल भारतीय मुलतान युवा संगठन की ओर से इस वर्ष भी जोत महोत्सव सादगीपूर्ण ढंग से मनाया। इस दौरान समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र जोत गंगा में प्रवाहित कर समाज एवं देश के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। कुछ दिन पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की वजह से इस वर्ष महोत्सव को सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया।
संगठन की ओर से रविवार सुबह हरकी पैड़ी पर गंगा जी का दुग्धाभिषेक कर पूजा- अर्चना की गई, जबकि शाम को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा में जोत प्रवाहित कर समाज के सुख-समृद्धि की कामना की। संगठन के अध्यक्ष डा.महेंद्र नागपाल ने बताया इस बार महोत्सव सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया। चूंकि रविवार को ही स्व. अटल जी अस्थियां हरकी पैड़ी पर प्रवाहित हुई,ऐसे में देश के लोगों के साथ मुलतान समाज ने भी स्व. अटल जी के प्रति श्रद्धास्वरूप महोत्सव को सादगीपूर्ण तरीके से मनाते हुए सुबह दुग्धाभिषेक तथा शाम को सैकड़ों जोत प्रवाहित कर देश और समाज की खुशहाली की कामना की। इस दौरान अखिल भारतीय मुलतान जोत युवा संगठन के प्रधान पूर्व विधायक डॉ महेंद्र नागपाल ,उपप्रधान ओपी कथूरिया ,अशोक नागपाल ,एसपी गांधी ,एम एस ढिंगरा,सुरेंद्र आहूजा , रमेश बजाज ,सतपाल अरोड़ा ,अनूप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में मुलतान समाज के लोग मौजूद रहे।