हरिद्वार।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति का चयन लगभग आज तय माना जा रहा है। विवि की स्वामिनी तीन आर्य प्रतिनिधि सभाओं के प्रधान आपसी सहमति या बहुमत के आधार पर कुलाधिपति का चयन करते हैं। तीनों सभाओं के प्रधान कुलाधिपति के चयन को लेकर शनिवार को दिल्ली में बैठक करेंगे।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. राम प्रकाश का पांच साल का कार्यकाल 20 मई को समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में 19 मई तक विवि को नया कुलापति मिल सकता है। कुलाधिपति के चयन को लेकर विवि के कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार शर्मा की ओर से तीन आर्य प्रतिनिधि सभाओं के प्रधान को पत्र जारी कर दिया है। अब दिल्ली, हरियाणा और पंजाब आर्य प्रतिनिधि सभाओं के प्रधानों को मिलकर कुलाधिपति का चयन करना है। इससे पूर्व दिल्ली और हरियाणा आर्य प्रतिनिधि सभाओं ने बहुमत के आधार पर हरियाणा के प्रो. राम प्रकाश को कुलाधिपति के रूप में चयनित किया था। इस बार कुलाधिपति के चयन को लेकर दिल्ली, हरियाणा आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधानों के साथ ही पंजाब आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान में दिल्ली में आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। हरियाणा आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान मास्टर रामपाल आर्य ने बताया गुरुकुल विवि के कुलाधिपति के चयन को लेकर आर्य प्रतिनिधि सभाओं के तीनों प्रधान आज दिल्ली में बैठक करेंगे।