अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
अवैध खनन के आरोप में फंसे सूर्या एवं गणेश स्टोन क्रशर के मालिक सचिन गोयल उर्फ बंटी को बचाने और पथरी केे थानाध्यक्ष को हटाने के लिए एक भाजपा विधायक ने एड़ीचोटी का जोर लगा दिया है। इधर, क्रशर मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने क्रशर पर छापा मारा, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पिछले दिनों चेकिंग के दौरान दो डंपरों में मानक से ज्यादा खनन लदे होने पर पुलिस ने डंपर चालकों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि स्टोन क्रशर के मालिक सचिन गोयल उर्फ बंटी को भी मुकदमे में नामजद किया था। तबसे क्रशर मालिक पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है।
क्रशर मालिक के भाजपा विधायक का करीबी होने से उसने पहले तो पुलिस पर दबाव बनाना चाहा, लेकिन जब पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए क्रशर पर छापा मारा तो वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस की कार्रवाई पर भाजपा विधायक ने एसओ दीपक कठैत के खिलाफ माहौल बनाना शुरू कर दिया है, ताकि उन्हें हटाया जाए। बताया जा रहा है कि इसके लिए विधायक ने सीएम दरबार में भी गुहार लगाई है। कुछ क्रशर मालिक एसएसपी से मिलने भी गए थे। एसएसपी ने उनसे दो टूक कहा था कि अवैध खनन बर्दाश्त नहीं होगा। एसओ दीपक कठैत ने बताया कि क्रशर मालिक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।