रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 11 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कोर्ट के आदेश पर हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के बिल्वकेश्वर कालोनी निवासी आशीष शर्मा ने कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी जान पहचान पंडित चारू चंद कोठारी निवासी संदेश नगर कनखल और राजवीर सिंह निवासी बामनौली बडौत बागपत उत्तर प्रदेश से थी। आरोप है कि दोनों ने उसे रेलवे में सहायक मास्टर के पद पर नौकरी दिलाने की बात कही। पिछले वर्ष उन्होंने खुद को रेलवे का अधिकारी बता रहे दानिश आलम पुत्र अनवर आलम निवासी बीटी रोड चिडियामोड़ कलकत्ता नाम के व्यक्ति से मिलवाया।
ट्रेनिंग के नाम पर उससे पचास हजार की रकम ले ली गई। इसके बाद हावड़ा में रेलवे ट्रेनिंग ऑफ इंस्टीट्यूट में तीन माह की ट्रेनिंग भी कराई। इस दौरान उससे 11 लाख की रकम ले ली गई।
आरोप है कि ट्रेनिंग खत्म होने के बाद भी उसका कॉल लेटर नहीं आया। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। नगर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।