जंगलों में लगी भीषण आग अब पौड़ी जिले में बिजली और संचार सेवाओं को भी प्रभावित करने लगी है। आग की लपटों की चपेट में जहां ऊर्जा निगम की हाईटेंशन और एलटी लाइनें आकर पिघलने लगी हैं, वहीं कई इलाकों में ओएफसी जल जाने से संचार सेवाएं ठप हो गई हैं।
ऊर्जा निगम ने कड़ी मशक्कत कर स्यूंसी और जयहरीखाल में गली तारों को बदलकर किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल की। शुक्रवार को इस इलाके में पूरे दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिसे देर शाम बहाल किया जा सका। जंगल में आग की भीषण लपटों के चलते लैंसडौन क्षेत्र में ओएफसी जल गई हैं।
तीन दिन से क्षेत्र की बीएसएनएल सेवाएं बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। एसडीओ एके धूलिया का कहना है कि लैंसडौन, यमकेश्वर, चौबट्टाखाल के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है, जिससे लैंसडौन-दुगड्डा के मध्य ओएफसी जल गई थी, उसे जोड़ दिया गया है। कई और स्थानों पर केबल जलने की सूचनाएं हैं।