रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने देहरादून में शौर्य स्थल का शिलान्यास किया।
- फोटो : AmarUjala
वीरों की भूमि उत्तराखंड के सबसे बड़े सपने स्टेट वॉर मेमोरियल (शौर्य स्थल) ने आकार लेना शुरू कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने शनिवार को चीड़बाग में सेना की भूमि पर वॉर मेमोरियल के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। यह स्मारक देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले प्रदेश के 14 सौ से अधिक शहीद सैनिकों को समर्पित है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह स्मारक शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस मौके पर परिकर ने पांच वीर नारियों को सम्मानित भी किया।
भूमि पूजन के लिए पहुंचे रक्षा मंत्री मनोहर परिकर का राज्य के पारंपरिक नृत्य व वाद्य यंत्रों की स्वरलहरियों के बीच स्वागत किया गया। रक्षा मंत्री ने कहा कि सांसद तरुण विजय व अन्य नेतागण काफी समय से युद्ध स्मारक की मांग उठा रहे थे। हमने तय किया था कि सारी प्रक्रिया पूर्ण करते चलेंगे, जिससे कोई व्यवधान न पैदा हो।
परिकर ने कहा, उद्घाटन के लिए भी आऊंगा
मनोहर परिकर
- फोटो : AmarUjala
उन्होंने कहा कि भूमि चिह्नित होने के बाद मैंने कहा था कि वन रैंक वन पेंशन का मामला निपटाकर इसकी पहली किश्त जारी करने के बाद ही शिलान्यास के लिए यहां आऊंगा। रक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शौर्य स्थल का निर्माण पूरा होने के बाद उद्घाटन के लिए भी आऊंगा।
इससे पूर्व सांसद तरुण विजय ने कहा कि शौर्य स्थल का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री मनोहर परिकर की प्रेरणा से पूरा हो पाया है। उन्होंने वॉर मेमोरियल के लिए बीते कई बरसों में हुए प्रयासों का भी जिक्र किया।
बताया कि उन्होंने 4 जुलाई 2011 को डीएम के माध्यम से संस्कृति विभाग को स्मारक के लिए दो करोड़ रुपये सांसद निधि से देने के लिए पत्र दिया था।
हरीश रावत ने जताया रक्षा मंत्री का आभार
हरीश रावत
- फोटो : file photo
उत्तराखंड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल शम्मी सभरवाल ने कहा कि वॉर मेमोरियल इस बात का प्रतीक है कि देश के लिए शहीद होने वाले शूरवीर सदैव हमारे दिलों में जिंदा रहते हैं। भावी पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले।
इसके बाद मंत्रोचार के बीच शौर्य स्थल का भूमि पूजन हुआ। रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने समारोह में शामिल वीर नारियों और पूर्व सैनिकों से बीतचीत की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, सांसद अजय टम्टा, विधायक गणेश जोशी, सीईओ गढ़ी कैंट सुब्रत पाल आदि मौजूद थे।
बोले पूर्व सीएम
-वॉर मेमोरयिल के लिए हम रक्षा मंत्री का आभार जताते हैं। हमारी मांग यही है कि वॉर मेमोरियल के लिए जो पैसा हमने प्रस्तावित किया था, उसे भी जल्द ही आवंटित किया जाए।
-हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री