चेक के जरिये लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग शहर के 12 व्यापारियों से ठगी कर चुके हैं। आरोपियों की निशानदेही पर बेचे गए सीमेंट के 400 बोरे, सरिया और एलईडी बरामद हो गई। चोरी का माल खरीदने वाले अन्य लोगों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश चल रही है। एसएसपी ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए है।
एसएसपी ने गठित की थी टीम
सहस्त्रधारा रोड स्थित फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोल पंप ट्रेडर्स के सचिव अमरजीत सिंह के बेटे से तीन लाख का सीमेंट और सरिया धोखाधड़ी से ले जाने का मामला मंगलवार को सामने आया था।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने एसओ रायपुर प्रदीप राणा और एसओजी प्रभारी मुकेश त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की थी। बुधवार को डॉ. दाते ने बताया कि आठ घंटे के प्रयासों के बाद पुलिस ने दो आरोपियों अविनाश चमोली निवासी बंजारावाला और अनिल कुमार अरोड़ा निवासी हरिकुंज को गिरफ्तार कर लिया।
कई बैंकों की चेक बुक बरामद
उनकी निशानदेही पर लाखों का माल बरामद हो गया। आरोपियों के पास से कई बैंकों की चेक बुक भी बरामद हुई हैं। इन लोगों ने दूसरे के नाम पर फर्जी खाते खुलवाकर चेक बुक प्राप्त कर ली थी। अब तक उनकी ठगी के 12 मामलों की शिकायत आई है। यह भी जांच कराई जा रही है कि इन ठगों द्वारा फर्जी खाते कैसे खोले गए।