चंद्रमणि चौक पर बृहस्पतिवार रात प्रापर्टी डीलर पर फायरिंग से अफरातफरी मच गई। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने जान से मारने की नीयत से डीलर की कार पर तीन गोलियां दागी।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डीलर हाल ही में अपहरण और हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया है। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के प्रापर्टी डीलर ओमवीर सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार रात को 100 नंबर पर सूचना दी कि चंद्रमणि चौक पर कुछ लोगों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी।
जान लेवा हमले से बाल-बाल बचा प्रापर्टी डीलर
जान लेवा हमले में वह बाल-बाल बच गए। गोली कार को चीरते हुए निकल गई। फायरिंग की सूचना पर एएसपी तृप्ति भट्ट एसओ क्लेमेंटटाउन नरेश राठौड़ के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने काफी देर तक जांच पड़ताल के बाद आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर लिए। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच पड़ताल कराई जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि ओमबीर सिंह तोमर पिछले साल मोहम्मद शफी की अपहरण के बाद की गई हत्या में जेल गया था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया है।