दो भाइयों ने एक छात्र को चाकुओं से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। हमलावरों को संदेह था कि छात्र ने उनके भाई की शिकायत पुलिस से की थी जिसके कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया था।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत लालकुर्ती निवासी आमिर सुहेल उर्फ बल्लू बृहस्पतिवार देर शाम को कहीं जा रहा था। उसी दौरान लालकुर्ती निवासी दो भाइयों ने उसे पकड़ लिया और चाकुओं से हमला कर दिया।
नौंवी का छात्र है घायल:
इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घायल सुहेल कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों ने बताया कि जिन हमलावरों में से एक शराब पीकर मोहल्ले में उत्पात मचाता था। मोहल्ले के लोगों ने इस बात की शिकायत पुलिस से की थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया था। इस मामले में उन्हें संदेह था कि यह शिकायत सुहेल ने की है। इसी कारण वह उससे रंजिश रखते थे।
घायल के भाई ने कालू और सलीम के खिलाफ तहरीर दी है। एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि मामले का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।