सोमवार को राजधानी देहरादून में मौसम कुछ बदला सा नजर आया। सुबह आसमान में बादलों को डेरा होने से उमस भरी गर्मी का अहसास हुआ।
उधर, मौसम विभाग ने सोमवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके अलावा राजधानी में भी बादल छाने के साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
प्रदेशभर में रविवार को मौसम शुष्क रहा, दून में भी तेज धूप की वजह से दिन का पारा अधिकतम 35.6 डिग्री तक पहुंच गया। रात का तापमान भी 18.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन भर लोग गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को मौसम करवट बदल सकता है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सोमवार को सूबे में कई जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं। राजधानी में भी बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री से कुछ कम रहने के आसार हैं।