सीएम हरीश रावत के परिजनों को लेकर गोविंदघाट से लेकर देहरादून आ रहे हेलीकॉप्टर की जोशीमठ में आपात लैंडिंग से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में सीएम की पत्नी रेणुका रावत, बेटी अनुपमा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और विधायक राजेंद्र भंडारी मौजूद थे। बताया जाता है कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ। इस दौरान सीएम गोविंदघाट में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार दोपहर परिजनों संग बदरीनाथ धाम के दर्शनों के लिए रवाना हुए। सुबह लगभग ग्यारह बजे सीएम का हेलीकॉप्टर गोविंदघाट में लैंड हुआ। यहां से मुख्यमंत्री कार से हनुमानचट्टी होते हुए बदरीनाथ धाम पहुंचे। सीएम ने भगवान बदरीनाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। करीब एक घंटे रहने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गोविंदघाट पहुंचे।
यहां सीएम हेमकुंड यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रुक गए जबकि सीएम के परिजन और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेता हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है गोविंदघाट से उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई।