चाय पर मिले हरीश रावत और विजय बहुगुणा
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री हरीश रावत गुरुवार की सुबह अचानक पैदल निकले और बगल में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के आवास में प्रवेश कर गए। बहुगुणा और हरीश में करीब एक घंटा गुफ्तगू हुई।
माना जा रहा है कि पट्टों पर मालिकाना हक के शासनादेश, मंत्रिमंडल में विस्तार आदि महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों के बीच बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने बहुगुणा को आश्वस्त किया कि जल्द ही यूएसनगर के अनुदेशकों का भी शिक्षा मित्र के पद पर समायोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों पट्टेदारों को मालिकाना हक देने और अनुदेशकों/ शिक्षा आचार्यों को शिक्षा मित्र के रूप में समायोजित करने को लेकर दो चिट्ठी लिख चुके हैं।
बहुगुणा के लेटर बम के बाद मिलने पहुंचे सीएम:
माना जा रहा है कि बहुगुणा की तरफ से लिखे जा रहे पत्रों के क्रम में ही हरीश रावत ने गुरुवार को बहुगुणा से उनके आवास पर मुलाकात की। इन दोनों मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने तत्काल शासनादेश जारी कराने का भरोसा भी बहुगुणा को दिलाया।
सूत्रों की माने तो दोनों नेताओं के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने विधानसभा में स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल से उनके कक्ष में एकांत में काफी देर तक गुफ्तगू की।
हालांकि इसके बाद बहुगुणा नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट के कक्ष भी गए, लेकिन नेता प्रतिपक्ष के वहां नहीं होने पर वह लौट आए।