डीडीहाट (पिथौरागढ़) । चमोली जिले में हुई विद्यालयी राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला पिथौरागढ़ की टीम ने जीत लिया। टीम में अधिकतर खिलाड़ी डीडीहाट जीआईसी और जीजीआईसी के थे।
पहले मुकाबले से ही पिथौरागढ़ की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबला पिथौरागढ़ और पौड़ी के बीच हुआ। पिथौरागढ़ की टीम ने लक्ष्मी खड़ायत और दिव्या के बेहतरीन खेल की बदौलत पौड़ी को सीधे सेट में 25-13, 25-12 से हराकर ट्राफी पर कब्जा किया।
इस टीम में सात खिलाड़ी डीडीहाट से चयनित होकर गए थे। पिथौरागढ़ की बालिकाओं की जीत पर जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक तरुण पंत, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी हिमांशु नौगाई, वॉलीबाल कोच विक्रम सिंह बिष्ट, ब्लाॅक खेल समन्वयक किशोर साह, लता मेहता, जीएस पोखरिया, शैलेंद्र साह आदि ने बधाई दी है।