कलीगांव वन पंचायत के समीप नगर पंचायत के निर्माणाधीन ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने को लेकर ग्रामीणों, प्रशासन और नगर पंचायत के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों के उग्र तेवर के चलते दिनभर ट्रंचिंग ग्राउंड में तनाव का माहौल रहा।
ग्रामीणों के विरोध के चलते कूड़े की गाड़ियां वापस लौटीं। ग्रामीणों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी कूड़े के निस्तारण को लेकर देर शाम तक कोई निर्णय नहीं निकल पाया।
बुधवार को नगर क्षेत्र में लगे कूड़े के ढेर के चलते लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए चेयरमैन गोविंद वर्मा के नेतृत्व में लोगों व सभासदों ने कूड़े के वाहन को ले जाकर तहसील में खड़ा कर एसडीएम का घेराव किया। लोगों ने एसडीएम से नगर का कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में डालने या कूड़े का निस्तारण करने की मांग उठाई।
बाद में एसडीएम के साथ तहसीलदार अबरार अहमद, रेंजर दीप जोशी, ईओ कमल कुमार, एसओ मनीष खत्री दलबल के साथ ट्रंचिंग ग्राउंड चंदाखाल पहुंच गए जहां मौजूद कलीगांव के लोगों ने कूड़ा डालने का कड़ा विरोध किया।
कूड़े के निस्तारण को लेकर पुलिस, प्रशासन की ग्रामीणों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। चेयरमैन ने कहा कि चंदाखाल ट्रंचिंग ग्राउंड में गांव के लोगों के विरोध के कारण वह कूड़ा नहीं डाल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बगैर अनुमति के आधे अधूरे ट्रंचिंग ग्राउंड में लगातार दो सालों से लोहाघाट नगर का सारा कूड़ा डाला और खुले में जलाया जा रहा है।
इससे उनकी पेयजल योजना दूषित होने और कूड़े की दुर्गंध के कारण संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण महिला-पुरुषों ने एक स्वर में चंदाखाल से ट्रंचिंग ग्राउंड हटाने की मांग की। चेतावनी दी कि ट्रंचिंग ग्राउंड न हटाए जाने पर ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे। देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं निकल पाया।
पुलिस की मौजूदगी में ट्रंचिंग ग्राउंड में पड़ेगा कूड़ा
लोहाघाट (चंपावत)। एसडीएम आरसी गौतम का कहना है कि वर्ष 2013 में राज्य स्तर से राज्यपाल ने चंदाखाल में नगर पंचायत को ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण की स्वीकृति दी है। लोगों के विवाद को देखते हुए ईओ को सख्त आदेश दिए हैं कि सप्ताह में दो दिन ट्रंचिंग ग्राउंड का मुआयना और दवा का छिड़काव करें। सबसे पहले वहां पर चहारदीवारी बनाकर कूड़ा उसी में डाला जाएगा। कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में पुलिस की मौजूदगी में ही पड़ेगा। इसके लिए ईओ को आदेशित कर दिया गया है।
ग्रामीणों की दिक्कतों का समाधान किया जाएगा
लोहाघाट (चंपावत)। चेयरमैन गोविंद वर्मा का कहना है कि शासन स्तर से ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद उसका निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। यदि ग्रामीणों को कूड़े को लेकर किसी भी प्रकार की दिक्कतें हो रही हैं तो उसका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड में समय समय पर फौगिंग मशीन से छिड़काव कराने के साथ कूड़े को गड्ढे में दबाने की व्यवस्था की जा रही है।
नगर पंचायत द्वारा चंदाखाल में निर्माणाधीन ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने के विरोध में आक्रोश - फोटो : LOHAGHAT
ट्रंचिंग ग्राउंड में कूडा डालने के विरोध में पुलिस प्रशासन और ग्रामीण महिलाओं के बीच होती नोकझो?- फोटो : LOHAGHAT