पाटी की शराब की दुकान को न्यू कॉलोनी में शिफ्ट करने की सुगबुगाहट से इलाके की महिलाएं भड़क गई हैं। सामाजिक कार्यकर्ता मंजू गहतोड़ी और पार्वती भट्ट के नेतृत्व में महिलाओं ने बृहस्पतिवार को तहसील प्रांगण से माराकुली स्थित शराब की दुकान तक जुलूस निकाल विरोध जताया। कहा कि किसी भी कीमत पर आबादी के नजदीक शराब की दुकान को शिफ्ट नहीं करने दिया जाएगा। डीएम को भेजे गए ज्ञापन में न्यू कॉलोनी में शराब की दुकान खोले जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
इस समय पाटी में अंग्रेजी शराब की दुकान राज्य राजमार्ग (एसएच) पर है। एनएच और एसएच से 500 मीटर के दायरे पर शराब की दुकानों को खोले जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने पहली अप्रैल से प्रतिबंधित किया है। इस आदेश के बाद पहली अप्रैल से शराब की दुकान इस जगह पर नहीं रह सकती है। महिलाओं को भनक लगी कि यह शराब की दुकान न्यू कॉलोनी में शिफ्ट की जा रही है। इससे नाराज महिलाओं ने बृहस्पतिवार को शराब की दुकान के आगे प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। बाद में दुकान न्यू कॉलोनी में नहीं खोले जाने की मांग करते हुए तहसीलदार डॉ. ललित मोहन तिवारी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया।
न्यू कॉलोनी, छत्रीदयार, मल्ली पाटी आदि स्थानों से आई महिलाओं का कहना था कि कॉलोनी में 500 मीटर के दायरे में राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा जीआईसी सहित आठ स्कूल आ रहे हैं। शराब की दुकान खुलने से पढ़ाई पर भी व्यवधान पैदा होगा। प्रदर्शन करने वालों में केशवी देवी, उर्मिला देवी, गीता देवी, मनीषा देवी, जानकी देवी, चंद्रकला, दीपा देवी, रेखा देवी आदि शामिल थीं।
धुरा में नहीं खुलने देंगे शराब की दुकान
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर सूखीढांग के नजदीक धुरा में शराब की दुकानें नहीं खोलने का ग्रामीणों ने ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को सरपंच स्वरूप राम की अध्यक्षता और नशामुक्ति अभियान के मुखिया डॉ. प्रकाश जोशी शूल के संचालन में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। कहा गया कि सिन्याड़ी और सूखीढांग की मौजूदा दुकानों को धुरा में शिफ्ट करने की कवायद को रोकने के लिए आसपास की तीन ग्राम पंचायतों के लोग शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन करेंगे। ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, तल्लापाल संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह राना का कहना है कि एनएच पर स्थित सूखीढांग व सिन्याड़ी की दो शराब की दुकानों को पहली अप्रैल से धुरा लाने की जुगत चल रही है। इसके लिए शराब विक्रेताओं ने जगह भी ले ली है। मथियाबांज के प्रधान ईश्वरी दत्त, बुड़म के शिवराज सिंह सहित तमाम लोगों ने कहा कि किसी भी कीमत पर धुरा में दुकानें नहीं खुलने दी जाएगी। इसके लिए यहां के लोग रात में भी पहरा देंगे।