टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मेले में भीड़ बढ़ी तो अगले सप्ताह से रेलवे विभाग पीलीभीत और शाहजहांपुर से टनकपुर के लिए रात के वक्त मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर सकता है। जिला प्रशासन के आग्रह पर स्थानीय स्तर पर रेलवे के डीआरएम को यह प्रस्ताव भेजा गया है।
पीलीभीत-भोजीपुरा ब्राडगेज लाइन बिछाने के कार्य के चलते गत एक माह से बरेली-पीलीभीत और टनकपुर के बीच ट्रेनों का संचालन बंद है। बरेली, बदायूं, कासगंज आदि स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन को आते हैं, लेकिन इस बार बरेली रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद होने से उक्त क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की आवक कम है।
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी का कहना है कि जिला प्रशासन के आग्रह पर डीआरएम को रात के वक्त मेला स्पेशल ट्रेनों को चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब मां पूर्णागिरि के दर्शन को आने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक रहेगी। उन्होंने बताया कि मां पूर्णागिरि के तीर्थयात्रियों की आवक का ग्राफ यही बना रहा तो अगले एक सप्ताह के अंदर विभाग द्वारा मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है।
मेला स्पेशल शुरू हुई तो पीलीभीत-बीसलपुर-शाहजहांपुर के बीच सीधे मेला स्पेशल ट्रेन भी शुरू होगी। फिलहाल पीलीभीत-भोजीपुरा ट्रैक के बंद होने के बाद टनकपुर से लखनऊ रूट पर संचालित हो रही अतिरिक्त ट्रेनों से ही मेला यात्रियों को लाया ले-जाया जा रहा है।