चंपावत। जिले के लोगों को सीटी (कंप्यूटराइज्ड टोमोग्राफी) स्कैन के परीक्षण के लिए इंतजार करना होगा। 250 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो गया है। जिला अस्पताल में यूपीसीएल ने 250 केबी ट्रांसफार्मर लगाने का काम फरवरी अंतिम सप्ताह में शुरू किया था। अब बस लाइन के ज्वाइंट को जोड़ने का काम शेष रह गया है।
काम पूरा होने के बाद अस्पताल प्रबंधन सीटी स्कैन संचालन की कवायद करेगा। ट्रांसफार्मर 58 लाख रुपये की लागत से लगाया जा रहा है। वर्तमान में लोगों को सीटी स्कैन के लिए निजी अस्पताल में भारी भरकम रकम खर्च करनी पड़ रही है। सरकारी सीटी स्कैन के लिए पिथौरागढ़, हल्द्वानी, रुद्रपुर, बरेली जाना पड़ता है।
अस्पताल में सीटी स्कैन का संचालन शुरू होने के बाद लोग सरकारी दरों पर सीटी स्कैन करा सकेंगे। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि लाइन का काम शेष रह गया है। जैसे ही काम पूरा होता है तो सीटी स्कैन मशीन इंस्टालेशन का काम किया जाएगा। यूपीसीएल के जेई अमरनाथ ने बताया कि बिजली लाइन के एक ज्वाइंट को जोड़ने का काम किया जाना है, जल्द ही यह पूरा हो जाएगा। संवाद