सीम-खिरद्वारी मोटर रोड कटिंग के दौरान चट्टान दरकने से मलवे में दबी पौकपेंड मशीन। (विज्ञप्ति)
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। सीम-खिरद्वारी मोटर मार्ग निर्माण कार्य के दौरान अचानक दरकी चट्टान के नीचे दबकर पोकलैंड मशीन के एक हेल्पर की मौत गई, जबकि पोकलैंड ऑपरेटर बाल-बाल बचा। मृतक मूल रूप से बागेश्वर जिले का निवासी है लेकिन अब उसका परिवार बरेली रोड हल्द्वानी में पुरानी आईटीआई के पास रहता है। उफनाई लधिया नदी को हवा भरे ट्यूब के सहारे पार कर मौके तक पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
टनकपुर-जौलजीबी रोड से जोड़ते हुए सीम से खिरद्वारी तक विधायक निधि से तीन किमी लंबी सड़क के लिए पहाड़ कटिंग की जा रही है। बताया गया कि रविवार सुबह पोकलैंड पहाड़ी काट रही थी, इसी दौरान अचानक दरकी चट्टान पोकलैंड मशीन के ऊपर गिरी। चट्टान दरकते ही पोकलैंड के ऑपरेटर राकेश सिंह ने तो कूद कर जान बचा ली, लेकिन मशीन के पीछे बैठा हेल्पर भास्कर तिवारी (25) पुत्र गोवर्धन तिवारी अंदर ही दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर ठुलीगाड़ (पूर्णागिरि) चौकी की पुलिस टीम लधिया नदी को हवा भरे ट्यूब के सहारे आरपार कर शव को टनकपुर लाई।