एक सप्ताह से 500 और 1000 रुपए के नोट नहीं चलने से अब आम जनता की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। अधिकांश बैंकों और एटीएम में करेंसी उपलब्ध नहीं होने से लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। बैंकों में हजार और पांच सौ रुपए जमा कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सर्वाधिक भीड़ भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में लग रही है।
जहां व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला सहकारी बैंक, अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, यूको बैंक, सेंट्रल बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, सिंडीकेट बैंक के अलावा मुख्य डाकघर में मंगलवार को सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। लोग एक दूसरे से पूछते नजर आए कि एटीएम और बैंकों में कब तक रुपये आएंगे।
स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक हीरा सिंह पांगती ने बताया कि अभी तक नई करेंसी के नहीं पहुंचने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। अलबत्ता एक दो दिन में करेंसी के पहुंचने की उम्मीद है। विभिन्न स्थानों में एटीएम तो खुले रहे मगर उनमें नकदी नहीं होने से उपभोक्ता मायूस रहे। अलबत्ता एसबीआई और यूको बैंक की ओर से अपने एटीएम में कुछ धनराशि तो डाली गई लेकिन वह भी जल्द ही खत्म हो गई। बैंकों की ओर से भुगतान के लिए भी करेंसी का अभाव बताया गया। उधर, रीठासाहिब में भी पंजाब एंड सिंध बैंक की एकमात्र शाखा में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
बुजुर्गों को करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना
चंपावत। बड़े नोट बदलवाने अथवा जमा कराने के कार्य में सर्वाधिक दिक्कतें दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। हालांकि बैंकों में सीनियर सीटीजन के लिए अलग व्यवस्था का दावा किया जा रहा है। लेकिन बुजुर्ग काफी परेशान हाल में इधर से उधर भटक रहे हैं। दूसरी ओर विभिन्न बैंकों में नकदी जमा करने और नोट बदलने के लिए अलग काउंटर खोलने के दावे के बावजूद कहीं काउंटर नहीं खुले।
तीस हजार की करेंसी गायब होने की अफवाह
चंपावत। मंगलवार को एसबीआई की मुख्य शाखा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान अफवाह उड़ गई कि एक हजार और पांच सौ के नोट जमा कराने आए एक व्यक्ति के तीस हजार रुपए किसी ने पार कर दिए हैं। जिसके बाद बैंक स्टाफ और पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद मामला फर्जी पाया गया।
100-100 रुपए के 40 हजार जमा कराए
लोहाघाट (चंपावत)। पांच सौ और हजार रुपए के नोट प्रचलन से बाहर होने के बाद लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पांच सौ और हजार रुपए के नोट बदलने, जमा करने और पैसे निकालने वाले लोगों की बैंकों में भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को अधिकांश बैंकों में कैश समाप्त होने के बाद लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। जबकि पैसा जमा करने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। मंगलवार को लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए शेखर मेडिकोज के स्वामी शेखर उप्रेती ने एसबीआई में 40 हजार रुपए के 100-100 रुपए के नोट जमा किए गए।
सहायक शाखा प्रबंधक जगदीश लाल वर्मा ने बताया कि उप्रेती द्वारा जमा की गई राशि को अन्य लोगों को वितरित की गई। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही बैंक में कैश आने की संभावना है। दूसरी ओर नगर क्षेत्र के पांच एटीएम में कैश होने से ताले लटके हुए हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंक से कुछ समय के लिए कैश निकलने से लोगों की लंबी कतार लग गई।