लोहाघाट(चंपावत)। बारिश न होने से पेयजल किल्लत शुरू हो गई है। लोगों ने जलसंस्थान से पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई है। नगर को 2160 केएल पानी के सापेक्ष केवल 550 केएल ही पानी की आपूर्ति हो पा रही है। इसमें लोहावती नदी से 400 केएल, वनस्वाड़ पेयजल योजना से 100 केएल, फोर्ती, ऋषेश्वर और बलांई गधेरे से कभी 100 तो कभी 50 केएल पानी की मिल रहा है।
ऐसे में लोगों को नौलों, नदी और पेयजल स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ रही है। गोविंद वर्मा, राजकिशोर साह, भुवन बहादुर, दीपक गोस्वामी आदि ने बताया कि कई बार जल संस्थान से पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और नगर में हो रही लीकेज को ठीक करने की मांग की जा चुकी हैं, लेकिन जलसंस्थान की लापरवाही के कारण न तो वितरण प्रणाली ठीक है और न ही लीकेज बंद हो रही हैं। ऐसे में लोगों को चौथे-पांचवें दिन पानी मिल पा रहा है। लोगों ने जल्द जलसंस्थान से पेयजल व्यवस्था सुचारु करने की मांग उठाई है।
जलसंस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि बारिश न होने के कारण पेयजल स्रोतों में कमी आई है। लोगों को एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कहीं पर दिक्कतें आ रही हैं तो उनका समाधान किया जा रहा है। लीकेज को भी सही किया जा रहा है। संवाद