चंपावत। जिला मुख्यालय के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। गर्मी के चलते पेयजल स्रोत सूखने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए पेयजल आपूर्ति करना मुश्किल हो रहा है। जल संस्थान टैंकरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी उपलब्ध करा रहा है।
नगर में तीन दिन से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। कुछ समय से क्वैराला पंपिंग योजना के दो पंप में से एक पंप खराब होने से पर्याप्त पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। जल संस्थान रोस्टर के हिसाब से पानी की आपूर्ति नगर के विभिन्न हिस्सों में कर रहा है। रविवार की रात मूसलाधार बारिश के कारण पंपिंग योजना के पेयजल स्रोत में लाल पानी आ गया था। इस कारण नगर में पानी की सप्लाई नहीं की गई।
नगर में योजना के एक पंप से पानी पंप होने के कारण टैंकों में पूरी तरह नहीं भर पा रहा है। ऐसे में रोस्टर के हिसाब से पानी की सप्लाई की जा रही है। जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता हेमंत फुलारा ने बताया कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकरों और पिकअप तो नगर में रोटेशन से पानी की आपूर्ति की जा रही है। संवाद
10 दिन आ रहा पानी, बिल पूरे महीने का
लोहाघाट (चंपावत)। नगर की पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने डीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कहा कि जल संस्थान महीने में 10 दिन पानी दे रहा है और पूरे माह का बिल ले रहा है। इससे जनता में आक्रोश है। पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम नवनीत पांडे को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि कई वर्षों से लोहाघाट नगर में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। जगह-जगह पानी की लाइनों से लीकेज के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। घरों में नलों से गंदा पानी आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते बुधवार को नगर में आपूर्ति करने वाली रायनगर चौड़ी लिफ्ट योजना के अलावा नगर के तीनों पानी के स्टाक टैंकों का निरीक्षण किया गया था।
उन्होंने बताया कि चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना में काफी गंदगी मिली है। लोगों ने कहा कि जल संस्थान से बार-बार कहने के बाद भी व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र भ्रमण के दौरान सरयू लिफ्ट योजना की घोषणा के बाद भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने कहाकि पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सभासद राजकिशोर शाह, बीना कनौजिया, चंद्र शेखर जोशी, जीवन गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।
चानमारी में तीन माह से हैंडपंप खराब
चंपावत। लोहाघाट स्थित चानमारी का सोलर हैंडपंप तीन माह से खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभाग को अवगत कराने के बावजूद इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में जल संस्थान के खिलाफ आक्रोश है।
चानमारी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि ब्लॉक गेट के पास स्थित सोलर हैंडपंप तीन माह से खराब चल रहा है। इसे लेकर विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। स्थानीय नंदू सामंत और पंकज चिल्कोटी का कहना है कि विभाग की ओर से पेयजल उपलब्ध कराने के दावे फेल हो रहे हैं। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि हैंडपंप की मोटर में खराबी आ गई है। दिल्ली से तकनीशियन आने वाला है, जल्द ही हैंडपंप को ठीक करा दिया जाएगा।