आस्था का उल्लास:नववर्ष पर मां पूर्णागिरि धाम में देवी दर्शन के लिए उमड़े श्रद्घालु। संवाद न्यूज ?
- फोटो : CHAMPAWAT
टनकपुर (चंपावत)। 2022 के पहले दिन आस्था के धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। 60 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने मां पूर्णागिरि देवी के धाम में मत्था टेका। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल के पसीने छूट गए। भीड़ इस कदर थी कि कोरोना के नियमों का पालन ठीक से नहीं हो सका। ठुलीगाड़ से आगे दोपहिया वाहनों को जाने से रोकना पड़ा। वाहनों की कमी के चलते सैकड़ों श्रद्धालुओं को ककरालीगेट और बूम से पैदल दूरी तय करनी पड़ी।
मां पूर्णागिरि के धाम में आने वालों का सिलसिला शुक्रवार रात से ही आना शुरू हुआ। इसकी मंदिर समिति और प्रशासन को कतई उम्मीद नहीं थी। बेतहाशा भीड़ के चलते मंदिर समिति के स्वयंसेवकों और पुलिस कर्मी दर्शनार्थियों को तुरंत बाहर निकालते रहे। अचानक भीड़ बढ़ने के बाद एआरटीओ तिराहा, बूम और ठुलीगाड़ में कई बार मेले को रोक दिया, ताकि शांति व्यवस्था बनी रह सके। मेले में अधिकतर श्रद्धालु यूपी से आए। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने कहा कि कोरोना के दो साल के बाद वर्ष के आगाज में भारी भीड़ रही। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि मेले में भीड़ को काबू करने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए।