चंपावत। जिले के खटोली ग्राम पंचायत में कोरोना संक्रमण की शिकायत पर ग्रामीणों के सैंपल लेने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दरअसल खटोली गांव में कोरोना के भय के कारण ग्रामीण सैंपल देने नहीं आए। काफी इंतजार के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को सैंपल देने के लिए जागरूक किया। जिसके बाद गांव के 85 ग्रामीणों ने सैंपल दिए।
खटोली में संक्रमण की शिकायत पर जिला अस्पताल के डा.मनीष बिष्ट के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को सुबह दस बजे ही खटोली पहुंच गई थी। लेकिन दोपहर एक बजे तक इक्का दुक्का लोग ही सैंपल देने के लिए पहुंचे। जानकारी लेने पर पता चला कि भय के कारण ग्रामीण सैंपल देने से हिचक रहे हैं। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों के घर-घर जाकर उन्हें जागरूक किया। तब जाकर ग्रामीण सैंपल देने के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ.जीएस चौहान, विनोद जोशी, प्रदीप कुमार, महेंद्र आदि शामिल रहे। उधर, सीमांत बकोड़ा में स्वास्थ्य विभाग के डॉ.सुभाष राणा और डॉ.अंकित साह के नेतृत्व में 91 ग्रामीणों के सैंपल लिए गए।
सीमांत बगोटी में होम आईसोलेशन की उड़ रहीं धज्जियां
चंपावत। जिले के लोहाघाट विकासखंड के बगोटी ग्राम पंचायत में होम आईसोलेशन में रह रहे प्रवासियों की ओर से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पूर्व प्रधान मोहन चंद्र पांडेय के अनुसार कोरोना के कारण बाहरी स्थानों से बड़ी संख्या में आए प्रवासियों को प्रशासन की ओर से होम आईसोलेट किया गया है। होम आईसोलेशन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से सख्ती बढ़ाने और ग्रामीणों के सैंपल लेने की मांग उठाई है। (संवाद)