लोहाघाट (चंपावत)। किराएदार द्वारा मकान मालकिन की पिटाई मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी दरोगा बबीता ने रविवार को वायरल हुए सीसीटीवी वीडियो की जांच की। वहीं पीड़ित महिला के बयान भी दर्ज किए गए। अब पीड़ित महिला सोमवार को अदालत में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराएंगी।
थाने में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शुक्रवार शाम किराएदार नितिन खर्कवाल ने मकान मालिक गीता पंत की लाठी-डंडे से पिटाई की। पिटाई की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी नितिन के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया। वहीं आरोपी नितिन ने भी गीता पंत, उनके जेई पति रमेश पंत, ललित जोशी, दिलीप कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति पर दुकान में घुसकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। इस तहरीर पर भी पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 352, 506, 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अलबत्ता अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी दरोगा बबीता का कहना है कि रविवार को महिला मकान मालिक गीता पंत के बयान दर्ज किए गए। साथ ही सीसीटीवी को खंगाल फुटेज की जांच की जा रही है।
इधर पुलिस ने इस सीसीटीवी फुटेज को वायरल करने वाले का पता लगा उसका चालान किया है। एसओ मनीष खत्री ने बताया कि विपिन जोशी ने इस फुटेज को सोशल मीडिया में अपलोड किया था। पुलिस का कहना है कि अधूरी फुटेज को अपलोड करते वक्त विपिन ने अमर्यादित शब्द भी बोले हैं। इसके चलते विपिन का चालान किया गया है।
सुस्त है देवीधुरा मारपीट की जांच की गति
चंपावत। प्रवासी नागरिकों को देवीधुरा डिग्री कॉलेज में बनाए क्वारंटीन सेंटर ले जा रही बस का रास्ता रोकने के मामले में जांच की गति सुस्त है। 28 मई को हुई इस वारदात में देवीधुरा के ग्राम प्रधान सहित कुल 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन मामले की जांच खास आगे नहीं बढ़ सकी है। जांच अधिकारी पाटी केएसएसआई नवल किशोर का कहना है कि अभी गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं। काम की अधिकता की वजह से जांच मेें देरी हो रही है। पुणे से आए 26 प्रवासियों को 28 मई को लोहाघाट से देवीधुरा क्वारंटीन करने ले जा रही बस का देवीधुरा में ग्रामीणों ने रास्ता रोक कई घंटों तक जाम लगाने पर यह मुकदमा दर्ज हुआ था।