चंपावत मुख्यालय में शनिवार को लगा जाम। संवाद
चंपावत। जिले में एनएच और उससे लगी सड़कों में ठीक दोपहर में जाम लग रहा है। इस दौरान सड़क किनारे वाहनों के आड़े तिरछे खड़े रहने से जाम की समस्या आम हो गई है। इधर ललुआपानी रोड पर भी भैंरवा चौराहे और गोरलचौड़ मार्ग की आंतरिक सड़क में भी निजी वाहनों की बेतरतीब पार्किग के कारण जाम के हालात बने रहते हैं।
नगर में जाम की समस्या को लेकर अमर उजाला टीम की ओर से की गई पड़ताल में पाया गया कि शनिवार को दोपहर के 12:45 बजे जीआईसी तिराहे से जिला पंचायत कार्यालय सड़क तक लंबा जाम लग गया। इस दौरान चौपहिया और दोपहिया वाहनों के सड़क में पार्किंग करने से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसा ही गोरलचौड़ जाने वाली सड़क पर आए दिन देखने को मिल रहा है। यहां पर सड़क अत्यंत सकरी होने के बावजूद लोग वाहनों को सड़क किनारे पार्क करना नहीं छोड़ रहे। जबकि इसको लेकर यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता और चालानी कार्रवाई समय समय पर की जाती रही है। संवाद