पाटी में पानी भरने के लिए लाइन में लगे लोग।
- फोटो : Bank employees start three-day strike
पाटी में दोषपूर्ण पेयजल वितरण व्यवस्था के चलते लोग परेशानी से दो-चार हैं। वितरण व्यवस्था ठीक न होने से बाजार क्षेत्र की बड़ी आबादी को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। लोग 15 किमी दूर देवीधुरा से वाहनों में पानी मंगाने को मजबूर हैं। उन्होंने शीघ्र पेयजल वितरण व्यवस्था ठीक नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाटी पेयजल योजना में स्रोत से पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है, लेकिन जल संस्थान की दोषपूर्ण वितरण व्यवस्था के चलते लोगों को पानी के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। मष्टा मंदिर कालोनी, स्टेशन चौराहा, शास्त्री मार्केट में पेयजल समस्या विकराल रूप ले चुकी है। यहां लोगों के नलों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। राकेश पाटनी , कमल भट्ट, चंद्रमोहन सिंह आदि का कहना है कि नलों में पानी न आने के कारण लोग हैंडपंप के अलावा 15 किमी दूर देवीधुरा के पास से वाहन से पानी ढो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बाजार के कुछ लोग पेयजल संयोजनों में टल्लू पंप लगाकर सारा पानी खींच लेते हैं। शिकायत करने पर भी विभाग पीठ किए हुए हैं। जल संस्थान के अभियंता चंद्रशेखर पंत का कहना है कि लोगों की समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। पेयजल लाइनों में मोटर लगाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।