लोहाघाट में यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों से वार्ता करते नवागत थाना प्रभारी। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस और व्यापारियों की बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रायशुमारी की गई। स्टेशन बाजार में दोपहिया वाहनों को खड़ा न होने देने का निर्णय लिया गया। थाना परिसर में हुई बैठक में एसओ सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने यातायात व्यवस्था, जनसमस्या सुलझाने, सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए व्यापारियों से सहयोग मांगा।
उन्होंने दुकानों के आगे निर्धारित सीमा में ही सामान रखने, अराजक तत्वों और मादक पदार्थों के तस्करों की सूचना भी देने के लिए कहा। व्यापारियों ने स्टेशन बाजार, हनुमान मंदिर गली में पार्क होने वाले दोपहिया वाहन भी हटाने की मांग की। एसओ ने कहा कि कोई भी व्यापारी निर्धारित पार्किंग के अलावा बाजार क्षेत्र में दोपहिया और चार पहिया वाहनों को पार्क नहीं करेंगे।
स्कूल समय पर कोई भी व्यापारी बड़े वाहन बाजार क्षेत्र में नहीं लाएंगे। मीना बाजार, गांधी चौक, हथरंगिया, एसडीएम तिराहे पर दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्क नहीं होंगे। वाहनों को पार्किंग के लिए मीट मंडी, विद्युत विभाग कार्यालय के समीप जगह का चयन किया गया। इस दौरान एसआई हरीश प्रसाद, व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, हरीश चंद्र पांडेय, सतीश मुरारी, जगदीश राय, दिनेश सुतेड़ी, अंकित अग्रवाल, बाबा हसमत, मनोज सिंह, पंकज जोशी आदि मौजूद रहे।