कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर शाम बस्टिया के पास एक व्यक्ति के पास से दो तमंचे बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जिले में एक पखवाड़े में अवैध तमंचे पकड़े जाने का यह दूसरा मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश पांडेय के नेतृत्व में बस्टिया के पास गश्त के दौरान एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास 12 बोर और 315 बोर के दो तमंचे बरामद किए है।
पूछताछ में अभियुक्त जितेंद्र सिंह पुत्र सुमरन सिंह निवासी सिविल लाइंस थाना बारादरी जिला बरेली ने तमंचे को बिक्री के लिए चंपावत लाने की बात कबूली। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम में मनोज कुमार और धरमवीर सिंह भी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। बताते चलें कि एक पखवाड़े के भीतर अवैध असलहें की बरामदी का यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व पीलीभीत निवासी दो अभियुक्त भी दो तमंचों के साथ पुलिस गिरफ्त में आए हैं।