जिले में शुक्रवार को दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। पहला झटका 11.49 और दूसरा 12.20 बजे आया। जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी मनोज पांडेय का कहना है कि भूकंप की तीव्रता का पता नहीं चल सका। अलबत्ता भूकंप तकरीबन 1 मिनट तक आया। घर से बाहर रहे लोगों को भूकंप आने का अहसास तक नहीं हुआ। मगर घरों के अंदर रहे लोगों ने झटके महसूस किए। इन झटकों से कुछ जगह दहशत फैल गई।
लोग अपने घरों से बाहर निकल इधर-उधर भागने लगे। मां पूर्णागिरि धाम में मैदान की अपेक्षा अधिक तीव्रता से झटके आए। पड़ोसी देश नेपाल के ब्रह्मदेव और महेंद्रनगर क्षेत्र में भी भूकंप में लगातार दो बार हल्के झटके महसूस हुए। भारत और नेपाल के सीमांत क्षेत्र में भूकंप के झटके तो आए, लेकिन किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अलबत्ता राजस्व, पुलिस, आपदा विभाग को मुस्तैद किया गया है। लोहाघाट एसएसबी के कमांडेंट राजीव भट्ट के अनुसार भूकंप के झटके अहसास होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में जवानों को अलर्ट कर दिया गया था।