पंचेश्वर काली नदी में 12.5 पाउंड की गोल्डन महाशीर को पकड़ने के बाद खुशी जताते एंगलिंग का प्रशिक्षण ले रहे युवक युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला
रियल एडवेंचर संस्था की ओर से आयोजित सीमावर्ती गांवों के युवक-युवतियों का छह दिनी एंगलिंग प्रशिक्षण संपन्न हो गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने 12.5 पाउंड की गोल्डन महाशीर मछली पकड़ी। प्रशिक्षण में चमदेवल, डुंगराबोरा, पंचेश्वर, किमतोली के युवाओं ने भाग लिया।
रविवार को रियल एडवेंचर के प्रमुख पर्वतारोही धन सिंह बिष्ट ने प्रशिक्षण का समापन किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से सीमांत क्षेत्र के युवाओं में जागरूकता आने के साथ उनमें आत्मबल भी बढ़ेगा। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण अवधि के दौरान सीखी गई बारीकियों पर अमल करने के साथ भविष्य में दीर्घकालीन एडवेंचर कोर्स में प्रतिभाग कर इसे आजीविका का साधन बनाने को कहा।
मुख्य प्रशिक्षक गणेश सिंह ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को एंगलिंग के दौरान उपयोग होने वाले उपकरणों, कास्टिंग का अभ्यास, नदी का अध्ययन, मछली पकड़ने व सुरक्षित छोड़ने का अभ्यास, मछलियों की प्रजातियों का अध्ययन आदि की गहन जानकारी दी गई।
प्रशिक्षणार्थियों को उस समय सुखद अनुभव हुआ जब उन्होंने 12.5 पाउंड यानि करीब पांच किलो वजनी दुर्लभ प्रजाति की गोल्डन महाशीर मछली को पकड़ा। रियल एडवेंचर के निदेशक आशीष जोशी ने प्रशिक्षणार्थियों को सरयू व महाकाली नदी को स्वच्छ रखने, दुर्लभ प्रजाति की गोल्डन महाशीर को संरक्षित करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर रियल संस्था के सुनील जोशी, दीपक राय, प्रकाश तिवारी ललित थवाल विनीत एवं कपिल राय आदि उपस्थित थे।