फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टनकपुर से नवनिर्मित बड़ी लाइन पर ट्रेन सेवा शुरू

Wed, 21 Feb 2018 10:40 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, टनकपुर (चंपावत)।
विज्ञापन
उद्घाटन के लिए सजकर टनकपुर रेलवे स्टेशन में खड़ी उद्घाटन स्पेशल रेल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सीमांत क्षेत्र के विकास की उम्मीद के साथ बुधवार से नवनिर्मित टनकपुर-पीलीभीत बड़ी लाइन पर ट्रेन संचालन शुरू हो गया है। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने मंच से ही डिजिटल रिमोट से हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को रवाना किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बड़ी लाइन सेवा सीमांत क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने जल्द ही टनकपुर से पिथौरागढ़ एवं मां पूर्णागिरि धाम के नाम से लंबी दूरी की एक्सप्रेस सेवा शुरू कराने की बात कही।
विज्ञापन


रेलवे स्टेशन प्रांगण में आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इस क्षेत्र के लोगों की बड़ी रेल लाइन का सपना साकार किया, जो नेपाल सीमा से लगे इस सीमांत क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रोकने में भी यह सेवा कारगर साबित होगी।

व्यापारियों को भी कारोबार में इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही टनकपुर से दिल्ली, मुंबई, देहरादून के लिए एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू कराई जाएगी, इसके लिए उनकी रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से वार्ता हुई है। मंत्री टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत पहाड़ के अंतिम गांवों तक सड़क पहुंचाने को केंद्र ने पर्याप्त बजट दिया है। ढाई सौ जनसंख्या वाले गांवों को भी सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि विकास के लिए सड़क सुविधा जरूरी है। सड़क होगी तो अधिकारी गांव तक पहुंचेंगे और विकास होगा। मंत्री टम्टा ने कहा कि पूरे देश में केंद्र सरकार ने अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र को सबसे ज्यादा बजट दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जहां चारधाम ऑल वेदर रोड का बजट नौ हजार करोड़ से बढ़ाकर 12 हजार करोड़ किया है, वहीं भारतमाला सड़क योजना में अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र की दस हजार करोड़ लागत की तीन सड़कें भी शामिल की हैं।

बैजनाथ-बागेश्वर-कपकोट-शामा-मुनस्यारी-जौलजीबी, बैजनाथ-कर्णप्रयाग और अस्कोट-जौलजीवी-लिपुलेख तक सड़क बनाई जा रही है। विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे है। उन्होंने कांग्रेस के क्षेत्रीय राज्यसभा सदस्यों के समारोह में शामिल न होने पर सवाल उठाया।

समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर डीएन सिंह, पीलीभीत के भाजपा विधायक संजय सिंह गंगवार, केंद्रीय बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह टोनी, जिलाधिकारी डा. अहमद इकबाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजू भंडारी, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, चंपावत पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत आदि मौजूद थे।

ऐन वक्त पर रद्द हुआ मेनका का कार्यक्रम
केंद्रीय बाल विकास मंत्री मेनका गांधी का ट्रेन सेवा के उद्घाटन में आने का कार्यक्रम अचानक रद्द हो गया। उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में पीलीभीत के भाजपा नेता देवेंद्र सिंह टोनी को समारोह में शामिल होने के लिए भेजा।

समारोह में नहीं आए कांग्रेसी राज्यसभा सदस्य
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य महेंद्र सिंह महरा एवं प्रदीप टम्टा उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हुए, जबकि रेलवे प्रबंधन ने दोनों ही राज्यसभा सदस्यों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें