लोहाघाट। बाराकोट मोटर मार्ग पर पॉप्लर का विशालकाय पेड़ गिरने से करीब एक घंटे तक आवाजाही ठप रही। इससे लोगों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने पेड़ को काटकर सड़क के किनारे कर यातायात बहाल कराया। पेड़ गिरने से आईटीबीपी के आवासीय परिसर को जोड़ऩे वाली विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
बृहस्पतिवार दोपहर अचानक तेज हवाएं चलने के कारण लोहाघाट-बाराकोट मार्ग पर रोडवेज कार्यशाला गेट के पास पॉप्लर का एक विशाल पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ गिरने से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर लोहाघाट से लीडिंग फायरमैन कुंदन सिंह के नेतृत्व में पहुंची दमकल विभाग की टीम ने पेड़ काटकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कराया। दमकल टीम में राजेश खर्कवाल, अनवर अली, कोमल राणा, पूजा राणा आदि मौजूद रहे। ऊर्जा निगम के अभियंता अशोक कुंवर ने बताया कि क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को ठीक किया जा रहा है।