टनकपुर (चंपावत)। मां शारदा खनन ट्रक एसोसिएशन के सदस्यों ने क्रशर में उप खनिज उतारने पर रेट बढ़ाने की मांग को लेकर तहसील में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी आमरण अनशन करेंगे।
बुधवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन ठाकुर के नेतृत्व में पदाधिकारी और सदस्य तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर धरना दिया। इस बीच तहसीलदार जगदीश गिरि के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा जिसमें कहा कि जिले के सीम चूक के निजी पट्टों से क्रशरों में 250 क्विंटल से 300 क्विंटल तक उपखनिज को वाहन से लाया जा रहा है।
आरोप लगाया कि क्रशर स्वामियों को कम रेट पर उपखनिज दिया जा रहा है जबकि शारदा खनन से 125 क्विंटल तक एक वाहन से खनन सामग्री दी जा रही है। वन विकास निगम की ओर से रायल्टी भी प्राइवेट पट्टों की तुलना में बहुत अधिक है। इससे उन्हें नुकसान हो रहा है।
उन्होंने जिले में एक जिला एक वजन के तहत सभी गाड़ियों की भार क्षमता एक समान करने की मांग की है। साथ ही उप खनिज के दाम की समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। धरना प्रदर्शन में एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन ठाकुर, नजीब हुसैन, रियासत हुसैन आदि शामिल रहे।