अस्पताल कालोनी में चोरों द्वारा तोड़े गए घरों के ताले
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय में शनिवार की रात को चोरों ने विकासखंड कार्यालय परिसर से लगी अस्पताल कालोनी के दो घरों के ताले तोड़ डाले। रात्रि एक बजे के आसपास अगल-बगल के घरों में लोगों के जागने पर चोर ताला तोड़ने के लिए लाए गए हथोड़े को छोड़ कर फरार हो गए। चोरों ने सीएमओ कार्यालय में तैनात योगेश जोशी के आवास और प्रेरणा रजवार के सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया।
योगेश जोशी का कहना है कि जैसे ही उन्हें रात में खटपट की आवाज आई उन्होंने तुरंत दरवाजा खोलकर देखा तो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। उन्होंने बताया कि प्रेरणा रजवार के बाहर होने के कारण उनके आवास से क्या कुछ चोरी हुआ है उसकी जानकारी नहीं हो पाई है। घटना से सहमे कालोनी के कर्मचारियों ने रविवार को कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग उठाई है।
अस्पताल कालोनी और ब्लाक कालोनी निवासी योगेश जोशी, दिनेश बिनवाल, महेंद्र सिंह जीना, आरएस बिष्ट, दीपक चंद्र, कमल सिंह, जय राम आदि की ओर से दी गई तहरीर में उन्होंने रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने के साथ ही चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। कर्मचारियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। समाचार लिखे जाने तक कर्मचारियों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी।