चंपावत। जिला मुख्यालय में दो दिन पूर्व कथित तौर पर प्लास्टिक के चावल मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन में आया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने मुख्य बाजार की विभिन्न दुकानों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उन्होंने दो अलग-अलग दुकानों से चावल के नमूने लिए।
उन्होंने बताया कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के चावल बाजार में आने की खबर मीडिया में आने के बाद दुकानों में छापेमारी की गई। अभी चावल के प्लास्टिक के होने के कोई प्रमाण नहीं मिले है। दुकानदारों से पक्के बिल पर ही चावल रखने की अपील की गई है। छापेमारी में खाद्य विभाग के कमल सिंह शामिल रहे। शनिवार को अचानक हुई छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
फेरी लगाकर दालें बेचने वालों पर रोक लगाएं
चंपावत। व्यापार संघ ने जिला मुख्यालय में मोटर साइकिलों में फेरी लगाकर दालें आदि बेचने वालों पर कड़ाई से अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि फेरी लगाने वाले बिना पक्के पर्चे के मिलावटी दालें और अन्य सामान धड़ल्ले से बेच रहे हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा का कहना है कि मुख्यालय की दुकानों में प्लास्टिक के चावल होने की झूठी अफवाह उड़ाई जा रही है। उनका कहना है कि कुछ लोग व्यापारियों को बेवजह बदनाम कर रहे हैं।