टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। धनुषपुल के पास 32 केवी मुख्य लाइन में अंधड़ के चलते सेमल का सूखा पेड़ गिरने से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में करीब 13 घंटे बिजली गुल हो गई। जबकि कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोकल फाल्ट से 16-17 घंटे बिजली बंद रही। विभागीय टीम रात से ही मरम्मत में जुटी रही। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे मरम्मत कार्य पूरा होने पर आपूर्ति सुचारु हुई। इससे क्षेत्रवासियों को रात भर बिना बिजली के रहना पड़ा।
बिजली विभाग के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि बुधवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे अंधड़ से लोहियाहेड से क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने वाली मुख्य लाइन 33 केवी और देवीपुरा की 11 केवी लाइन पर सेमल का सूखा पेड़ गिर गया। इससे एक डबल पोल, 3 सिंगल पोल क्षतिग्रस्त हो गए। लाइन भी टूट गई। सुबह करीब 8:30 बजे तक टनकपुर, बनबसा नगर और पूर्णागिरि क्षेत्र में आपूर्ति को सुचारु किया गया। जबकि आमबाग में कटहल के पेड़ की टहनी लाइन पर गिरने और अन्य ग्रामीण लाइनों में लोकल फाल्ट आने पर मरम्मत कार्य किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक 90 प्रतिशत से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई थी। जबकि अंधड़ के बाद से ग्रामीण क्षेत्रों में लोकल फाल्ट आने का क्रम जारी था।
फोटो-20टीएनपी02पी,03पी
.............................................................................................
यूपीसीएल की लापरवाही से बलतड़ी के ग्रामीण परेशान
क्रासर: बिजली लाइनों के आपस में टकराने से उड़ जाता है फ्यूज, दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से लगी लगभग सात सौ की आबादी वाली ग्राम पंचायत बलतड़ी के गामीण पिछले पांच सालों से विद्युत विभाग की लापरवाही से परेशान हैं। ग्रामीणों ने विद्युत समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
वर्ष 1983-84 में बनी विद्युत लाइन का संचालन पिछले पांच वर्षों तक ठीक चल रहा था। एसएसबी की कंपनी सप्तड़ी में बसने के बाद विद्युत विभाग ने मल्ला पिपल से बलतड़ी ग्राम पंचायत को आने वाली विद्युत लाइन से एसएसबी को भी जोड़ दिया। मल्ला पिपल से सप्तड़ी को दी गई विद्युत लाइन में पोलों की दूरी काफी अधिक होने के कारण हल्की हवा चलने पर ही बिजली की लाइन आपस में टकरा कर चिपक जाने से फ्यूज उड़ जाता है। फ्यूज गौरीहाट के सुरमोड़ा में लगा होने से बलतड़ी गांव की विद्युत आपूर्ति समय पर नहीं हो पाती है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा रोष है। पूर्व सैनिक नारायण भट्ट ने बताया कि इस माह तारों के आपस में चिपकने से अब तक पांच बार फ्यूज उड़ चुका है। इससे काली घाटी में रह रहे ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति न होने से भीषण गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मल्ला पिपल से सप्तड़ी को विद्युत लाइन न देकर अन्यत्र से दी जानी चाहिए। समस्या के समाधान के लिए ग्राम प्रधान पूजा भट्ट ने अधिशासी अभियंता नितिन सिंह गर्खाल से भी मुलाकात की। प्रधान पूजा भट्ट, ग्रामीण सुरेश भट्ट, प्रकाश भट्ट, खष्टी बल्लभ भट्ट, सुनील चंद, रमेश चंद रोड़ियाल, अनू चंद का कहना है कि अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता विद्युत वितरण अनुभाग वड्डा, झूलाघाट को ग्रामीणों की समस्या के निराकरण के लिए निर्देशित किया। इसके बाद भी बलतड़ी ग्राम पंचायत की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।