चंपावत। जिले के पर्यटन स्थल देशी-विदेशी पर्यटकों को खूब भा रहे हैं। पिछले पांच माह में 77 हजार से अधिक देशी और 180 विदेशी पर्यटक कोलीढेक झील, चाय बागान, एबट माउंट, रीठा साहिब, बालेश्वर, देवीधुरा मां वाराही धाम, श्यामलाताल और मायावती आश्रम आदि पर्यटक स्थलों की सैर करने पहुंचे हैं। यह सिलसिला जारी है। अप्रैल माह में 17705 देशी और 50 विदेशी पर्यटक और मई माह में 19320 देशी और 63 विदेशी पर्यटक विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंचे। पिछले दो माह में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। पिछले साल 2023 में 2.27 लाख से अधिक देशी और 223 विदेशी पर्यटक चंपावत पहुंचे थे। जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि 2024 में पिछले साल के मुकाबले अधिक पर्यटन आने की उम्मीद है।