टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र में बीते दिवस दोपहर बाद हुई बारिश के बाद अचानक लोहियाहेड पावर में आई तकनीकी कमी के चलते घंटों बिजली की आंखमिचौली चलती रही। इससे क्षेत्र के लोगों पूरी रात गर्मी में गुजारनी पड़ी। साथ ही सुबह पानी की दिक्कत का सामना भी करना पड़ा।
बीते दिवस दोपहर बाद तेज वर्षा हुई जिसके बाद अचानक बिजली गुल हो गई। रात 10 बजे बिजली आने के बाद फिर पांच बार बिजली गुल हुई जो तड़के करीब चार बजे सुचारु हो पाई। ऊर्जा निगम के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि लोहियाहेड पावर हाउस में आई तकनीकी खराबी के चलते रात भर बिजली गुल रही।
बताया कि लोहियाहेड पावर हाउस के एक के बाद एक तीनों जंफर फुंकने से क्षेत्र में करीब 10 घंटे तक कई बार बिजली की आंखमिचौली होती रही। अधिकारियों के मुताबिक एक जंफर ठीक होने के बाद दूसरा और फिर तीसरा जंफर फुंकने से व्यवधान पैदा हुआ।
पूर्णागिरि धाम में बिजली चोरी से व्यवस्थाएं लड़खड़ाई
पूर्णागिरि (चंपावत)। पूर्णागिरि धाम में बिजली चोरी के चलते रात के समय पथ प्रकाश व्यवस्था सुचारु नहीं हो पा रही है। बिजली चोरी के कारण जनरेटर पर लोड बढ़ने से क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बाधित हो रही है।
शनिवार रात को पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में रात में करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। जिला पंचायत के बिजली ठेकेदार अक्षय ने बताया कि ककराली गेट से पूर्णागिरि मंदिर तक पथ प्रकाश की व्यवस्था जेनरेटर से की जाती है। ठेकेदार का आरोप है कि कुछ धर्मशाला स्वामी और अन्य लोग पथ प्रकाश के लिए बिछी बिजली लाइन से तार डालकर बिजली चोरी करते हैं।
इस कारण कई बार ओवरलोड होने के कारण बिजली बाधित हो जाती है। बिजली चोरी के चलते जनरेटरों पर ओवरलोड होने से एक जनरेटर खराब हो गया। उन्होंने प्रशासन से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।