चंपावत। शनिवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान निकटवर्ती गांव चनाई से लापता युवक नहीं मिला। नदी में बहने की आशंका के बीच रविवार को पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दिनभर ढूंढखोज की, लेकिन वह नहीं मिल सका। इससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। ढकना ग्राम पंचायत के तोक चनई निवासी नवीन जोशी (30) पुत्र शिवदत्त जोशी शनिवार को गांव वालों के साथ जानवर चराने जंगल गए थे, लेकिन तबसे वह घर नहीं लौटे।
उनका मोबाइल नदी के किनारे मिला। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, सीओ आचार्य, कोतवाल महेश चंद्र ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दिनभर गौड़ी नदी पर बने पुल तक खोजबीन की, लेकिन नवीन का पता नहीं चल सका। प्रशासन ने एसएसबी से भी खोजबीन में मदद करने, नदी के किनारे स्थित बॉर्डर आउटपोस्ट से नजर रखने को कहा है। जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत का कहना है कि गांव के लोग कई टीमें बनाकर नदी के किनारे खोजबीन कर रहे हैं। मलबा आने से नदी का पानी मैला हो गया, जिससे नदी के भीतर ढूंढखोज में बाधा आ रही है।