चंपावत। सुतेड़ा से क्रांतेश्वर मंदिर तक प्रस्तावित सड़क पर हो रही देरी से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सड़क का काम जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही सड़क को लेकर कार्रवाई शुरू नहीं किए जाने पर किसी भी जन प्रतिनिधि को गांव में नहीं आने देने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 2022 के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि सुतेड़ा से क्रांतेश्वर तक की पांच किमी लंबी सड़क जनवरी 2016 में स्वीकृत हुई। इसके लिए 14 लाख रुपये स्वीकृत भी किए गए। इस सड़क से जामरेड़ी, शील, जाख, मेड़कोट, नेत्र, सलान, घाट गांव के लोगों को लाभ होता। ग्रामीणों का कहना है कि सर्वे से लेकर वन और ग्राम पंचायत स्तर की अनापत्ति दिए जाने के बावजूद सड़क का काम शुरू नहीं हो सका।
प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, प्रधान भगवती देवी, उप प्रधान अमित सिंह, जोत सिंह, पूरन सिंह, नारायण सिंह, कुंवर सिंह, दिनेश सिंह, कमल किशोर, उमेद सिंह, प्रहलाद सिंह, उमेश शर्मा, कमल शर्मा, दिनेश पाठक, बलवंत सिंह, कमल सिंह, हरीश राम, कल्याण राम आदि शामिल थे। वहीं एडीएम टीएस मर्तोलिया का कहना है कि इस मामले में निर्माणदाई संस्था से बात कर जल्द से जल्द काम शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।