आपदा से निपटने में नाकाम रही है राज्य सरकार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी ने राज्य की हरीश रावत सरकार पर आपदा से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राज्य में हर साल दैवीय आपदा आने के बावजूद अब तक इससे निपटने के लिए ठोस उपाय नहीं किया जाना सरकार के नकारेपन को दर्शाता है।
शनिवार को चंपावत जिला मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ऐरी ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को पहुंचने में कई घंटों का समय लग रहा है। हालात ऐसे हैं कि आपदा प्रभावितों को रैस्क्यू कर हैलीकाप्टर के माध्यम से सुरक्षित स्थानों में नहीं पहुंचाया जा रहा है। हैलीकाप्टर के जरिए हिमालय दर्शन कराने का दावा करने वाली सरकार आज दैवीय आपदा में घायलों की मदद के लिए हैलीकाप्टर तक नहीं भेज पा रही है।
उक्रांद नेता का कहना था कि 2013 की आपदा के शिकार बने पीड़ितों के घाव अभी सूखे भी न थे कि नई आपदा ने उन्हें और अधिक जख्मी कर दिया है। उस पर राज्य सरकार की उदासीनता उनके जख्मों पर मरहम लगाने के बजाए उन्हें और अधिक हरा कर रही है। इस मौके पर उक्रांद यूथ विंग के केंद्रीय अध्यक्ष राजीव मौर्य, बसंत सिंह तड़ागी, प्रकाश सिंह, नवीन सिंह, मोहन सिंह आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।