मलबा आने के कारण बंद पड़ी काकड़ी-गुरेली सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा से लगे मडलक क्षेत्र में काकड़ी-गुरेली सड़क मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बंद सड़क को शीघ्र चालू न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गणेश दत्त भट्ट की अध्यक्षता में हुई ग्रामीणों की बैठक में वक्ताओं का कहना था कि लोक निर्माण विभाग द्वारा काकड़ी से फागर तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया था। छह माह पूर्व बरसात में ककरतोला के पास मलबा आने से बंद सड़क को अब तक नहीं खोला गया। मलबे के कारण सड़क के नीचे मकानों को खतरा पैदा हो गया है। बुजुर्ग, बीमार लोगों को सड़क बंद होने से सबसे अधिक दिक्कतें हो रही हैं।
ग्रामीण तारा सिंह, शंकर भट्ट, दीपक राम, कैलाश राम, लक्ष्मण राम, घनश्याम भट्ट, भुवन चंद्र आदि ने बंद पड़ी रोड से शीघ्र मलबा नहीं हटने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस माह तक रोड को खोल दिया जाएगा।