गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में उल्टी-दस्त के रोगियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। अस्पताल में हर दिन उल्टी-दस्त के रोगी भर्ती हो रहे हैं। एक सप्ताह में करीब डेढ़ दर्जन लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हो चुके हैं। इधर, रोगियों की बढ़ती संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है।
गर्मी में खान-पान में असावधानी के चलते उल्टी-दस्त के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। संयुक्त चिकित्सालय के आंकड़ों के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर अस्पताल में 17 रोगी भर्ती हो चुके हैं। शनिवार को भी दो नए रोगियों को भर्ती किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी का कहना है कि खान-पान में असावधानी और अशुद्ध पानी पीने से उल्टी-दस्त की शिकायत होती है।
उन्होंने बताया कि उल्टी-दस्त के प्रकोप से बचाव के लिए अस्पताल में दवाइयां और आईबी फ्ल्यूड पर्याप्त मात्रा में है। उन्होंने एक ही स्थान पर इसके प्रकोप की बात से इनकार किया है। कहा है कि यदि एक ही क्षेत्र में अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आते हैं तो इसकी वजह वहां अशुद्ध जलापूर्ति की आशंका पैदा होती है। बहरहाल अब तक ऐसी सूचना नहीं है। फिर भी जल संस्थान को पानी की शुद्धता का नियमित रूप से परीक्षण करने को पत्र लिखा गया है।