पालिका प्रशासन ने गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को पालिका की टीम ने नालियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे और दुकानदारों को दुकान के पास कूड़ेदान रखने की हिदायत दी।
पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय एवं अधिशासी अधिकारी जयवीर सिंह राठी के निर्देश पर जहां-तहां कूड़ा फेंकने, थूकने वालों पर अंकुश लगाने को नगर पालिका ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को पालिका की कर निरीक्षक प्रियंका रैसवाल, लिपिक अनुराधा यादव, पूरन लाल साह, सफाई नायक राकेश कुमार, शगुन सक्सेना, प्रकाश नेगी ने राजाराम चौराहे समेत अन्य शहरी क्षेत्र में नालियों में कूड़ा फेंकने वाले व्यापारियों के दो-दो सौ रुपये के चालान कर भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी। ईओ राठी ने बताया कि राज्य में जहां-तहां कूड़ा फेंकने एवं थूकने पर बने कानून के तहत दो सौ से पांच हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि एक से अधिक बार कूड़ा फेंकते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थानों में प्राथमिक रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा सकती है। ईओ ने बताया कि कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा दुकानदारों को दुकान के पास कूड़ेदान रखने और कूड़े को कूड़ा वाहन में ही डालने की हिदायत भी दी जा रही है।