नगर की बनस्वाड़ पेयजल योजना का जल स्तर कम होने के कारण अब कुछ मोहल्लों में चौथे दिन पानी मिलने लगा है।
फोर्ती समेत अन्य स्थानों से नगर में आने वाले पेयजल का भी जलस्तर कम होता जा रहा है। जलकल अभियंता पवन बिष्ट के अनुसार बनस्वाड़ पेयजल योजना मे 30 एलपीएम पानी इस बीच कम हो गया है।
यहां पहले डेढ़ सौ एलपीएम पानी आता था, इसमें लगातार कमी आती जा रही है। इससे कई मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित होती जा रही है।
उधर, नर्सरी गधेरे में तड़के से ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद लोग पीने के पानी के लिए घंटों खड़े रहने के लिए मजबूर हो गए हैं। यहां असामाजिक तत्वों के पेयजल टैंकी के नलों को तोड़ने से सारा पानी बह जाता है। इससे सुबह लोगों को अपनी बारी के इंतजार के लिए घंटों ठंड खानी पड़ती है। नागरिकों ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। थानाध्यक्ष डीएल वर्मा के अनुसार वहां सादी वर्दी में पुलिसकर्मी सुबह शाम शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे।
फिलहाल जल संस्थान के जलकल अभियंता ने कर्मचारियों से दिक्क्त दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कई बार टोंटी लगाई जा चुकी है लेकिन शरारती तत्व टोंटी को तोड़ देते है इससे समस्या बनी हुई है।