चंपावत जीजीआईसी स्कूल में छात्राओं से पढ़ाई पर चर्चा करते डीएम। स्रोत : सूचना विभाग
चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने पीएमश्री जीजीआईसी चंपावत का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को देखने के साथ ही शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं के साथ विशेष शिक्षण सत्र संचालित कर संवाद किया।
सोमवार को स्कूल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जनसंचार केवल सूचना के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं है। यह समाज में जागरूकता, नवाचार और सकारात्मक परिवर्तन का एक प्रभावशाली उपकरण है। उन्होंने छात्रा मनीषा की ओर से लिखे निबंध को पढ़ते हुए उसकी लेखन शैली, सोच और विषय पर पकड़ की सराहना की।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और जनसंचार जैसे विषयों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें बल्कि इन्हें अपने आसपास की दुनिया को समझने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साधन के रूप में अपनाएं। उन्होंने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छता और छात्राओं के लिए उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। वहां पर एसडीएम सदर अनुराग आर्य, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।